लखनऊ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ गुरुवार को हिमाचल प्रदेश व पंजाब के चुनावी दौरे पर रहेंगे। सातवें चरण के प्रचार के आखिरी दिन वे चार रैलियों में शिरकत करेंगे। बता दें कि पहली जून को सातवें और अंतिम चरण का मतदान होगा। योगी आदित्यनाथ अब तक कुल 12 राज्यों में चुनाव प्रचार कर चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में प्रचार कर कुल 13 राज्यों में वे कमल खिलाने की अपील करेंगे।
पहले हिमाचल प्रदेश जाएंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से चुनावी दौरे पर निकलेंगे। वे पहली जनसभा हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट पर करेंगे। यहां से भारतीय जनता पार्टी ने फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत को मैदान में उतारा है। योगी आदित्यनाथ जनसभा कर उनके लिए वोट मांगेंगे। इसके बाद योगी आदित्यनाथ केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के पक्ष में जनसभा करेंगे। हिमाचल प्रदेश में रैली कर योगी आदित्यनाथ कुल 13 राज्यों में भाजपा का कमल खिलाने का संकल्प दिलाएंगे।
पंजाब में भी दो सीटों पर करेंगे प्रचार
हिमाचल प्रदेश के बाद योगी आदित्यनाथ पंजाब आएंगे। यहां की आनंदपुर साहिब लोकसभा सीट के लिए जनसभा करेंगे। यहां से भाजपा उम्मीदवार डॉ. सुभाष शर्मा के लिए वोट की अपील करेंगे। सातवें चरण की आखिरी जनसभा योगी आदित्यनाथ लुधियाना लोकसभा सीट के लिए करेंगे। यहां से भारतीय जनता पार्टी ने इस बार रवनीत सिंह बिट्टू को कमल निशान पर चुनाव में उतारा है।

More Stories
वाराणसी में 8.52 लाख लोगों को मिलेगी सीवरेज सुविधा, 8.22 लाख को मिलेगा शुद्ध पेयजल
फर्रुखाबाद, झांसी, जेवर और आगरा-लखनऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को मिलेगी कनेक्टिविटी
लखनऊ-हरदोई में 1,000 एकड़ में विकसित होने वाले ‘पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क’ के मास्टर डेवलपर चयन को मंजूरी