नई दिल्ली
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कई जगहों पर छापेमारी लगातार जारी है। इसी क्रम में एनआईए ने राष्ट्रीय राजधानी के उत्तर पूर्वी इलाके मुस्तफाबाद सहित कई जगहों पर छापेमारी की और संदिग्ध सामग्री बरामद की। एनआईए ने यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और स्थानीय पुलिस की मदद से की। सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के दौरान संदिग्ध सामग्री बरामद की गई और कुछ लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, साथ ही पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। छापेमारी शनिवार सुबह खत्म हुई।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एनआईए की केस आरसी-13/24/एनआईए/डीएलआई के तहत जांच का हिस्सा है। इसके तहत आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के राष्ट्रव्यापी नेटवर्क पर एनआईए छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई के तहत देश के पांच राज्यों में 22 जगहों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि एनआईए और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने शनिवार को संयुक्त रूप से महाराष्ट्र में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह छापेमारी छत्रपति संभाजीनगर, मालेगांव और जालना समेत कई जगहों पर की गई, जिसके परिणामस्वरूप राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया गया।
एनआईए ने जालना में गांधी नगर क्षेत्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक को छत्रपति संभाजी नगर आजाद चौक से व अन्य एक व्यक्ति को एन-6 क्षेत्र से तथा एक अन्य संदिग्ध को मालेगांव से हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्धों की आतंकवाद के वित्तपोषण और आतंकवादी सहायता समूहों से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि ये छापे एनआईए द्वारा आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों पर देश भर में की गई व्यापक कार्रवाई के मद्देनजर मारे गए हैं। कुछ दिन पहले ही, 1 अक्टूबर को, एनआईए ने माओवादी पुनरुत्थान की साजिश के सिलसिले में पश्चिम बंगाल में कई छापे मारे थे। पिछले हफ़्ते तमिलनाडु में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी, जो चेन्नई सेंट्रल क्राइम ब्रांच द्वारा दर्ज एक आतंकी साजिश के मामले से संबंधित थी, जिसे बाद में एनआईए को सौंप दिया गया था।

More Stories
छठ से पहले यमुना में शुरू होगी क्रूज सफारी, 30 यात्रियों की क्षमता
यूपी विधान परिषद चुनाव: मतगणना से ठीक एक दिन पहले बड़ा बदलाव, आईएएस अभय को पर्यवेक्षक पद से हटाया
यूपी भाजपा की 548 सदस्यीय प्रदेश कार्यसमिति घोषित, मुरली मनोहर जोशी शामिल