सवाई माधोपुर
कहते हैं कि जन्म और मरण किसी का जोर नहीं चलता। ऐसा ही कुछ आज सवाई माधोपुर में हुआ जब एक महिला को चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा हुई और उसने ट्रेन के टॉयलेट में ही बच्चे को जन्म दे दिया। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
सवाई माधोपुर आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश बघेल के मुताबिक सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय की हम्मीर पुलिया कच्ची बस्ती निवासी कन्हैया अपनी गर्भवती पत्नी पूजा और तीन बच्चों के साथ गंगापुर सिटी से नंदादेवी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर सवाई माधोपुर लौट रहा था।
जैसे ही गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन से रवाना होकर ट्रेन ने स्पीड पकड़ी, पूजा को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, उसने कन्हैया को इसकी जानकारी दी लेकिन पूजा की पीड़ा लगातार बढ़ती गई और असहनीय हो गई। इस पर पूजा ट्रेन के टॉयलेट में चली गई।
कन्हैया ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मदद की गुहार लगाई। पति-पत्नी की हालत देखकर कुछ सहयात्री मदद के लिए आगे आए और तुरंत रेलवे गार्ड और जीआरपी को सूचना दी लेकिन तब तक पूजा ने ट्रेन के टॉयलेट में ही बच्चे को जन्म दे दिया।
सहयात्रियों और कन्हैया की मदद से पूजा को टॉयलेट से बाहर निकाला गया और टॉयलेट के पास ही जच्चा-बच्चा को लिटा दिया गया। इसी दौरान ट्रेन सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। यात्रियों की सूचना पर पहले से मौजूद जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे अस्पताल का स्टाफ मौके पर पहुंचा।
जैसे ही ट्रेन रुकी रेलवे अस्पताल की टीम ने मां और नवजात की जांच की और दोनों को स्वस्थ पाया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

More Stories
अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे पर, ₹250 करोड़ के डेयरी प्लांट का करेंगे शिलान्यास; मेडिकल कॉलेज भवन का उद्घाटन भी
हाईवे किनारे निर्माण पर बड़ा प्रतिबंध! 40 मीटर दायरे में लैंड कन्वर्जन पर रोक, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नोटिफिकेशन जारी
UP Cabinet का बड़ा फैसला, 6 जिलों को मिलाकर बनेगा प्रयागराज-चित्रकूट विकास प्राधिकरण; NCR जैसी होगी तरक्की