Exposetodaynews:
लखनऊ
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यानी यूपीएसएसएससी में इस साल भर्ती प्रक्रिया तेज हुई है। आयोग 2026 के अंत तक 37 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरा कर सकता है। आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 तक आयोग को 30669 पदों के लिए 314 अधियाचन मिल चुके हैं। यानी अलग-अलग विभागों ने इन पदों पर भर्ती कराने के लिए आयोग को अपनी मांग भेज दी है। वहीं, सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच 11 और भर्ती परीक्षाएं होने की संभावना है। इनमें 64 अधियाचन के जरिए 6643 पद शामिल हैं। अगर इन प्रस्तावित भर्तियों को जोड़ दिया जाए, तो 2026 में कुल 24 परीक्षाओं के जरिए 378 अधियाचन के तहत 37312 पद शामिल हो सकते हैं।
बड़ी भर्तियों की ओर बढ़ा आयोग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें, साल 2021 में आयोग ने तीन परीक्षाओं के जरिए 1161 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। 2022 में परीक्षाओं की संख्या बढ़कर 9 हुई और 20957 पद शामिल किए गए। इसके बाद 2023 में सात परीक्षाओं के जरिए 6901 पद और 2024 में केवल दो परीक्षाओं में 2788 पद शामिल किए गए। साल 2025 में भर्ती प्रक्रिया में फिर तेजी आई और 18 परीक्षाओं में 108 अधियाचन के माध्यम से 16602 पद शामिल किए गए।
2026 में बदला भर्ती का पैटर्न
वर्ष 2026 में अब तक 13 परीक्षाओं में 30669 पद शामिल हो चुके हैं। इस तरह एक परीक्षा में करीब 2359 पद शामिल हुए हैं। यह औसत पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक है। साल 2025 में प्रति परीक्षा औसतन करीब 922 पद थे। वहीं 2023 में यह आंकड़ा 986 और 2022 में करीब 2329 पद रहा था।
दिसंबर तक और बढ़ सकता है भर्ती का आंकड़ा
सितंबर से दिसंबर के बीच आयोग की 11 और परीक्षाएं संभावित हैं। इनमें 64 अधियाचन के जरिए 6643 पद शामिल होने की संभावना है। यदि ये प्रस्तावित परीक्षाएं और पद भी जुड़ते हैं तो कुल आंकड़ा 24 परीक्षाओं, 378 अधियाचन और 37312 पदों तक पहुंच सकता है।
25 हजार को नौकरी देगा अधीनस्थ सेवा आयोग
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की ओर से 15 दिसंबर तक 25194 युवाओं को नौकरी दी जाएगी। जनवरी से लेकर अब तक आयोजित परीक्षाओं के परिणाम दिसम्बर तक घोषित करने की संभावना है। कनिष्ठ सहायक के 54 पदों का परिणाम 31 अगस्त तक, सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर के 5369 पदों का परिणाम दस सितम्बर तक जबकि स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) के 5272, नक्शानवीश व मानचित्रक के 283 पदों और प्रवर्तन कांस्टेबल के 477 पदों का रिजल्ट 30 सितम्बर तक जारी होगा।

More Stories
NEET UG 2026: बिहार में मेडिकल एडमिशन का दूसरा चरण शुरू, MBBS की 1,167 सीटें
एनसीटीई पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु तृतीय एवं अंतिम चरण की समय-सारणी जारी
NEET UG छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी, MBBS सीटें बढ़कर 1.40 लाख के पार