बीकानेर
जिले के नोखा और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार रात डर और दहशत भरी रही। एक ही कार में सवार होकर आए शातिर बदमाशों ने जिले के पांच अलग-अलग पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया। इनमें नोखा, जस्सरासर, मैनसर, लालगढ़, जोगलसर शामिल हैं, जहां बदमाशों ने लूटपाट और तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश की।
सूत्रों के अनुसार इन बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप से करीब आठ हजार रुपये नकद लूट लिए और दूसरे पंपों पर भी लूट का प्रयास किया। एक स्थान पर उन्होंने पत्थरबाजी करते हुए पंप के शीशे भी तोड़ डाले, जिससे वहां अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। वारदात के बाद घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें बदमाशों की हरकतें साफ नजर आ रही हैं।
लुटेरों ने पहले पंप संचालक को बंधक बनाया फिर पेट्रोल पंप के ऑफिस में तोड़फोड़ की। पुलिस ने इन फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में कई इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद भय का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है लेकिन जिले में लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

More Stories
दिल्ली के बुजुर्गों के लिए ‘वयो आनंद’ योजना, 60+ को मिलेंगी योग, मनोरंजन और स्वास्थ्य सुविधाएं
वेटिकन सिटी में पोप लियो XIV से मिले राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास
UP में स्वाइन फ्लू से पहली मौत के बाद हड़कंप, इलाज में शामिल 17 डॉक्टर-कर्मचारियों के सैंपल जांच को भेजे