नई दिल्ली
दिल्ली कैपिटल्स ने रिकी पोंटिंग के साथ अपनी साझेदारी खत्म कर ली है। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल 2025 के सीजन के लिए नए हेड कोच की तलाश है। टीम के साथ सौरव गांगुली भी मौजूद हैं, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी उन्हें हेड कोच की जिम्मेदारी नहीं सौंपने वाली। यहां तक कि खुद सौरव गांगुली टीम के हेड कोच बनने के इच्छुक हैं, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के मालिक किसी ऐसे शख्स की तलाश में हैं, जो गौतम गंभीर जैसा हो।
सौरव गांगुली अभी तक हेड कोच की भूमिका में नजर नहीं आए हैं। वे क्रिकेट छोड़ने के बाद ज्यादातर समय प्रशासन में रहे हैं, जबकि आईपीएल में वे मेंटर और अन्य भूमिकाओं में रहे हैं। यहां तक वे दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी के ग्लोबल क्रिकेट डायरेक्टर हैं। उन्होंने बंगाली न्यूजपेपर आजकल को दिए इंटरव्यू में इसकी इच्छा जाहिर की है कि वे हेड कोच बनने के लिए तैयार हैं, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स किसी अन्य दिग्गज की तलाश में है।
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो डीसी गांगुली को ड्यूल रोल यानी डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और हेड कोच के तौर पर नहीं देखना चाहती। वे इस समय दिल्ली कैपिटल्स, ILT20 में डीसी की सिस्टर फ्रेंचाइजी दुबई कैपिटल्स और एसए20 लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक हैं। एक सूत्र ने कहा, "गांगुली के पास पहले से ही बहुत सारे काम हैं – क्रिकेट निदेशक के रूप में फ्रेंचाइजी के लिए कई चीजों की योजना बनाना उनका काम है।"
डीसी चाहती है कि गौतम गंभीर जैसे स्वभाव वाला शख्स हेड कोच के तौर पर आए। सूत्र ने बताया, "टीम को एक ऐसे कोच की जरूरत है जो बहुत ही सक्रिय हो और सर्किट पर बहुत आक्रामक तरीके से नजर रखे। जैसे गौतम गंभीर करते हैं। यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि वह एक मेंटर के रूप में इतने सफल रहे हैं। वह खिलाड़ियों पर नजर रखते हैं – अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों तरह के।" दिल्ली कैपिटल्स, आरसीबी और पंजाब किंग्स ही तीन टीमें हैं, जो अभी तक खिताब नहीं जीती हैं।

More Stories
Virat Kohli की IPL 2026 के लिए भारत वापसी, 28 मार्च को Royal Challengers Bengaluru vs Sunrisers Hyderabad मुकाबला
अश्विन का बड़ा बयान: रोहित-विराट की रिटायरमेंट पर कोच गंभीर की सोच पर खोला राज
BCCI के फैसले से Jasprit Bumrah को 2 करोड़ का नुकसान, क्या मिलेगी भरपाई?