नई दिल्ली
देश में आज छठें चरण के लिए मतदान हो रहा है। छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें दिल्ली की सभी सात सीटों सहित पश्चिम बंगाल की आठ, हरियाणा की दस, बिहार की आठ, झारखंड की चार, ओडिशा की छह, उत्तर प्रदेश की चौदह और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर शामिल है। दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने भी वोट डाला। वोट डालने के बाद राहुल ने सभी मतदाताओं से वोट डालने की अपील भी की।
राहुल गांधी ने की ये अपील
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा है कि ‘देशवासियों! पहले पांच चरणों के मतदान में आपने झूठ, नफ़रत और दुष्प्रचार को नकार कर अपने जीवन से जुड़े ज़मीनी मुद्दों को प्राथमिकता दी है। आज छठे चरण का मतदान है और आपका हर वोट सुनिश्चित करेगा कि: – युवाओं के लिए 30 लाख खाली सरकारी पदों पर भर्ती और 1 लाख रुपए साल की पहली नौकरी पक्की योजना शुरू हो जाए। गरीब परिवार की महिलाओं के खातों में 8,500 रुपए महीना आने लगे।
किसान कर्ज़ मुक्त हों और उन्हें फसल पर सही MSP मिले। मजदूरों को 400 रुपए का दैनिक मेहनताना मिले। आपका वोट आपके जीवन को बेहतर बनाने के साथ-साथ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा भी करेगा। मां और मैंने लोकतंत्र के इस महापर्व में वोट डाल कर अपना योगदान दिया। आप सब भी बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकलिए, अपने अधिकार और परिवार के भविष्य के लिए वोट कीजिए।’
राहुल और सोनिया एक साथ मतदान करने पहुंचे थे। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके बच्चों ने भी दिल्ली में मतदान किया।
मतदान के उपरांत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विश्वास जताया कि लोकसभा के इन चुनावों में इंडिया गठबंधन जीतेगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि मौजूदा लोकसभा चुनाव के दौरान बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई देशभर में सबसे बड़े मुद्दे हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि हम अपने आपसी मतभेद अलग रखकर भारत संविधान व लोकतंत्र के लिए वोट दे रहे हैं।
प्रियंका के बेटे रेहान राजीव वाड्रा ने इन चुनावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वह सभी युवाओं से संविधान बचाने और सकारात्मक बदलाव के लिए वोट करने का अनुरोध करते हैं।
लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान शनिवार सुबह 7 बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा।
छठे चरण में दिल्ली की सभी सातों सीटों समेत 58 संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। 8 राज्यों/केन्द्र-शासित प्रदेशों की इन 58 सीटों पर 889 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 58 सीटों पर हो रहे मतदान के लिए 1.14 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
दिल्ली से भाजपा के मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज, कमलजीत सहरावत, हर्ष मल्होत्रा, योगेंद्र चंदोलिया, रामबीर सिंह बिधुड़ी व प्रवीण खंडेलवाल चुनाव लड़ रहे हैं जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन की ओर से कन्हैया कुमार, जयप्रकाश अग्रवाल, महाबल मिश्रा, उदित राज, कुलदीप कुमार, सहीराम व सोमनाथ भारती उम्मीदवार हैं।

More Stories
दिल्ली की 1511 कॉलोनियों में मालिकाना हक योजना धीमी, शुल्क घटाने पर DDA करेगा विचार
यूपी चुनाव से पहले योगी सरकार एक्टिव, मंत्रियों को जनता तक योजनाएं पहुंचाने का निर्देश
दिल्ली में आज उतरेंगी 300 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2028 तक होगा पूरा ईवी परिवहन