नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के स्थापना दिवस पर राष्ट्र के प्रति उसके अटूट समर्पण और अथक सेवा की सराहना की।
सीआरपीएफ केंद्र सरकार के अधीन देश का अपनी तरह का सबसे बड़ा बल है और वह मुख्य रूप से राज्यों के साथ समन्वय कर उग्रवाद विरोधी अभियानों में जुटा हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सभी सीआरपीएफ कर्मियों को मेरी ओर से बधाई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र के प्रति उनका अटूट समर्पण और अथक सेवा वास्तव में सराहनीय है। वे हमेशा साहस और प्रतिबद्धता के उच्चतम मानकों के पक्षधर रहे हैं। हमारे देश को सुरक्षित रखने में भी उनकी भूमिका सर्वोपरि है।’’
अमित शाह ने सीआरपीएफ जवानों को स्थापना दिवस पर बधाई दी
गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के स्थापना दिवस पर बल के जवानों और उनके परिवार के सदस्यों को बधाई दी।
शाह ने कहा कि सीआरपीएफ के बहादुर जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए पूरी ताकत लगा दी और हर बार विजयी बनकर उभरे।
सीआरपीएफ देश का प्रमुख केंद्रीय पुलिस बल है, जिस पर आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी है। इसकी स्थापना 27 जुलाई 1939 को मूल रूप से ‘क्राउन रिप्रेजेंटेटिव्ज पुलिस’ के रूप में की गई थी।
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सीआरपीएफ कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों को बल के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं। सीआरपीएफ ने अपनी स्थापना के बाद से ही राष्ट्रीय सुरक्षा को मिशन के रूप में लिया है।”
उन्होंने कहा, “बल के बहादुर जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी और हर बार विजयी बनकर उभरे। मैं सीआरपीएफ के उन शहीदों को नमन करता हूं, जिन्होंने कर्तव्य का पालन करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।”

More Stories
पिनाका रॉकेट सिस्टम की रेंज 300 KM तक बढ़ाने की तैयारी, भारत की डीप स्ट्राइक क्षमता होगी मजबूत
8th Pay Commission: DA मर्ज होगा या नहीं? 5वें, 6वें और 7वें वेतन आयोग में क्या हुआ था, जानें पूरा इतिहास
1 नवंबर से इस एक्सप्रेस-वे पर गुड्स व्हीकल की एंट्री बंद, पिकअप वैन और टाटा ऐस पर भी प्रतिबंध