इंदौर से देवी अहिल्या और माँ नर्मदा का अटूट संबंध, मंत्री पटेल ने बताया सांस्कृतिक महत्व
मंत्री पटेल के साथ मंत्री विजयवर्गीय, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती महाजन और विधायक शुक्ला ने 108 नदियों के जल से लोकमाता देवी अहिल्या बाई की प्रतिमा का किया जलाभिषेक
भोपाल
पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री प्रहलाद पटेल ने आज नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन और स्थानीय विधायक गोलू शुक्ला के साथ इंदौर के राजवाड़ा स्थित लोकमाता देवी अहिल्या बाई की प्रतिमा का 108 नदियों के जल से जलाभिषेक किया। इस मौके पर मंत्री पटेल ने कहा कि माँ नर्मदा और देवी अहिल्या का इंदौर से अटूट संबंध है। माँ नर्मदा मैया अत्यंत पावन है। तीस वर्ष पूर्व मैंने पहली बार माँ नर्मदा की परिक्रमा की थी। उसके बाद पत्नी श्रीमती पुष्पलता पटेल के साथ नर्मदा परिक्रमा की। नर्मदा परिक्रमा से प्राप्त अनुभव पर एक पुस्तक तैयार की गई है, जिसका लोकार्पण 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के करकमलों से किया जायेगा।
पटेल ने आगे कहा कि बचपन से ही हमारे परिवार का नर्मदा नदी के प्रति गहरी आस्था और लगाव रहा है। पिताजी कहा करते थे कि नदी के संगम को कभी भी पार नहीं करना चाहिये। मैंने इसका अक्षरश: पालन करने की कोशिश की। मुझे नदियों के उद्गम स्थल को देखने की जिज्ञासा रही और इसकी शुरूआत केन-बेतवा नदी के उद्गम स्थल को देखकर की। अभी तक मैंने 106 नदियों के उद्गम स्थलों को न सिर्फ देखा बल्कि वहां के जल को लेकर भी आया हूं। आज 108 नदियों के जल से यहां माता देवी अहिल्या की प्रतिमा का जलाभिषेक किया गया। इस मौके पर वैदिक विदवानों ने नर्मदाष्टकम : त्वदीय पाद पंकजम नमामि देवी नर्मदे के मंत्रोच्चार के साथ उपस्थित नागरिकों ने भी जल एवं दूध से देवी अहिल्या की प्रतिमा का जलाभिषेक किया।
पटेल ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान से जुड़ने का मुझे भी अवसर मिला। इस अभियान से हमें जल का महत्व समझ में आता है कि जीवन में जल कितना बहुमूल्य और उपयोगी है। सभी नदिया जीवनदायिनी है। हम उसके जल को सहेजे और उसकी रक्षा करे। कार्यक्रम में पटेल की पत्नी श्रीमती पुष्पलता पटेल और पुत्री फलित पटेल सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे।

More Stories
MP Weather: मध्यप्रदेश में मानसून मेहरबान, कई जिलों में झमाझम बारिश; गुना-शिवपुरी समेत 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
MP SI भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी! 436 अभ्यर्थियों का चयन, संजय परमार बने प्रदेश टॉपर
उमरिया का जोहिला बांध ओवरफ्लो! 2 गेट खुले, धुआंधार बहाव देखने उमड़ी लोगों की भारी भीड़