बेंगलुरू.
शुभमन गिल को गुजरात टाइटंस की कप्तानी में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन सीनियर बल्लेबाज डेविड मिलर ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि यह 24 वर्षीय खिलाड़ी इस भूमिका के साथ तेजी से ‘सामंजस्य’ बैठा रहा है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में पिछले साल की उपविजेता और 2022 की चैंपियन टाइटंस की टीम गिल की कप्तानी में अंक तालिका में नौवें स्थान पर चल रही है और उसकी प्ले ऑफ में जगह बनाने की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है।
मिलर ने शनिवार को रॉयल चैलेजर्स बेंगलोर के खिलाफ टाइटंस की चार विकेट की हार के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘शुभमन एक असाधारण खिलाड़ी हैं, जैसा कि हम सभी जानते हैं। वह अब भी युवा है और उसे बहुत कुछ सीखना है लेकिन मुझे लगता है कि वह कप्तानी के साथ वास्तव में अच्छी तरह तालमेल बैठा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मुझे लगता है कि यह कठिन भी है क्योंकि गलती की गुंजाइश बहुत कम है।’’
मिलर ने टखने की सर्जरी से उबर रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की अनुपस्थिति को भी पावर प्ले में गेंद के साथ टीम के खराब प्रदर्शन का एक कारण बताया। उन्होंने कहा, ‘‘बेशक शमी ने पावर प्ले में शानदार प्रदर्शन किया था। इसलिए हमें ऐसा लगता है कि पावर प्ले में हमें उनकी कमी खल रही है। उन्होंने विकेट चटकाए और इकोनॉमी रेट को कम रखा।’’ टाइटंस ने बेंगलोर के खिलाफ 148 रन के कम स्कोर का बचाव करते हुए पावर प्ले में 92 रन लुटाए और इससे मैच का पलड़ा घरेलू टीम के पक्ष में झुक गया।

More Stories
भारत ने 3-0 की बढ़त के बाद गंवाई टी20 सीरीज की आखिरी जंग, न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से हराया
‘मेरा काम सही फैसले लेना, लोकप्रिय नहीं’, गौतम गंभीर ने क्रिकेट पंडितों को दिया जवाब
भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 192 रनों का लक्ष्य, ईशान किशन और श्रेयस अय्यर के तूफानी अर्धशतक