बीकानेर.
जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना इलाके में किराए पर रह रहे मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के साथ कल देर रात उसके मकान मालिक ने अग्रिम किराए की राशि को लेकर मारपीट की। घायल छात्र को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष का छात्र लूणकरणसर निवासी रोहन मेघवाल पवनपुरी में बीकानेर नर्सिंग होम के पीछे वीर सावरकर पार्क के पास किराए के मकान में रहता था।
मकान मालिक ने उससे मकान खाली करवा लिया था। रविवार को वह वापस मकान पर गया, जहां अग्रिम किराए की बात को लेकर मकान मालिक और छात्र की आपस में कहासुनी हो गई। छात्र का आरोप है कि मकान मालिक ने उसके साथ मारपीट की। साथी छात्र के साथ हुई मारपीट की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र और कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. गुंजन सोनी भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दौरान रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अभिजीत यादव ने मेडिकल कॉलेज छात्र के साथ हुई मारपीट की घटना पर आक्रोश जताते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि आरोपी पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। गौरतलब है कि पिछले दिनों भी ट्रॉमा सेंटर में मरीज के परिजनों ने घायल के इलाज को लेकर रेजिडेंट डॉक्टर्स के साथ धक्का-मुक्की की थी।

More Stories
नावों की सुरक्षा से लेकर पंजीकरण तक नई व्यवस्था, योगी सरकार बनाएगी ‘इनलैंड वाटर अथॉरिटी’
एक मीडिया संस्थान के यूथ आइकॉन कॉन्क्लेव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया संबोधित
यूपी में 1,709 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होंगे चार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर