नई दिल्ली
भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में बुधवार को दिल्ली में ‘खालसा तिरंगा यात्रा' में कई सिख युवकों ने भाग लिया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तालकटोरा स्टेडियम से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कर्तव्य पथ पर संपन्न हुई इस यात्रा के दौरान सिख युवा बाइक पर तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते नजर आए। मुख्यमंत्री के अलावा उनके कैबिनेट सहयोगी मनजिंदर सिंह सिरसा और आशीष सूद भी यात्रा में शामिल हुए। गुप्ता ने खालसा समुदाय को देश के सबसे बहादुर समुदायों में से एक बताया और कहा कि वे आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आपकी यहां उपस्थिति हमारे सशस्त्र बलों के प्रति भावना की अभिव्यक्ति है। यह एकता का संदेश देगी और पूरे देश के लोगों को प्रेरित करेगी।'' भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के लिए भारतीय सशस्त्र बलों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाल रही है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।

More Stories
दिवाली-छठ पर यूपी-बिहार जाने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव, दिल्ली से सफर करने से पहले चेक करें नया शेड्यूल
साहिल हत्याकांड: मुस्कान को अपनाने की चर्चा के बीच फांसी की सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में होगी पैरवी
‘सपा पार्टी नहीं, परिवार का समूह’, कपिलदेव अग्रवाल का हमला