नई दिल्ली
मुंबई इंडियंस (एमआई) के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में गरदा उड़ा दिया। रोहित ने मुल्लांपुर के मैदान पर 50 गेंदों में 9 चौकों और चार छक्कों के दम पर 81 रनों की पारी खेली। उनकी पारी की बदौलत एमआई ने 228/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में जीटी छह विकेट के नुकसान पर 208 रन ही बना सकी और एमआई ने क्वालीफायर-2 में एंट्री कर ली। 'हिटमैन' रोहित को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। रोहित ने एलिमिनेटर में एक-दो नहीं बल्कि 5 नए रिकॉर्ड बनाए।
रोहित आईपीएल प्लेऑफ में 80 प्लस रन स्कोर करने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने 38 साल और 30 दिन की उम्र में यह कारनामा अंजाम दिया। उन्होंने माइकल हसी को पछाड़कर कीर्तिमान रचा। हसी ने 2013 में आईपीएल क्वालीफायर-1 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 86 रनों की पारी खेली थी। हसी की उम्र तब 37 साल और 359 दिन थी।
रोहित शर्मा के खाते में अब आईपीएल में 271 मैचों में 302 छक्के हो गए हैं। वह आईपीएल में 300 छक्कों का आंकना छूने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। ओवरऑल लिस्ट में रोहित दूसरे पायदान पर हैं। उनसे आगे वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। गेल ने आईपीएल में 142 मैचों में 357 छक्के जड़े।
रोहित प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले प्लेयर हैं। उन्होंने इस मामले में सूर्यकुमार यादव को पछाड़ा है। सूर्या ने 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध क्वालीफायर-1 में नाबाद 71 रन बनाए थे। उन्होंने 54 गेंदों का सामना करने के बाद 10 चौके मारे थे।
रोहित आईपीएल प्लेऑफ में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले तीसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। ओवरऑल रिकॉर्ड पूर्व भारतीय स्पिनर अनिल कुंबले के नाम दर्ज है। कुंबले प्लेऑफ में 38 साल और र 219 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।
रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट में एक टीम के लिए सबसे अधिक सिक्स लगाने वाले प्लेयर्स की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। वह एमआई के लिए 235 मैचों में 267 छक्के जड़ चुके हैं। 'हिटमैन' ने क्रिस गेल को पीछा छोड़ा है, जिन्होंने आरसीबी के लिए 91 मुकाबलों में 263 सिक्स जमाए।

More Stories
जोस बटलर बोले- वैभव सूर्यवंशी तोड़ देगा मेरा वर्ल्ड रिकॉर्ड, युवा बल्लेबाज की जमकर की तारीफ
मोहम्मद शमी की 2027 वर्ल्ड कप पर नजर, वापसी के लिए कर रहे तैयारी
अजीत अगरकर की कुर्सी पर संकट! BCCI कर सकता है बड़ा बदलाव, चयन समिति पर लटक रही तलवार