पूर्व मिदनापुर/मुर्शिदाबाद.
पश्चिम बंगाल के पूर्व मिदनापुर में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान पथराव में चार लोग घायल हो गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब रामनवमी शोभायात्रा बुधवार की रात 9:10 बजे इगरा के कॉलेज मोड़ से गुजर रही थी, तब कुछ लोगों ने इस पर पथराव किया। फिलहाल इस मामले में चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। इससे पहले मुर्शिदाबाद में भी रामनवमी शोभायात्रा के दौरान पथराव को लेकर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। उन्होंने कहा, "इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हम मामले की जांच कर रहे हैं। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।" भाजपा नेता और मिदनापुर से पार्टी के उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने इस पथराव का विरोध करते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इसके अलावा मुर्शिदाबाद में भी बुधवार को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान झड़प होने की घटना सामने आई। शोभायात्रा पर छतों से पथराव होने से करीब 20 लोग घायल हुए हैं। रामनवमी शोभायात्रा पर पथराव को लेकर भाजपा ने बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को घेरा। इसके साथ ही भाजपा ने राज्य पुलिस पर बदमाशों का साथ देने का आरोप भी लगाया है। भाजपा की बंगाल इकाई ने आरोप लगाया है कि रैली पर पथराव किया गया और दुकानों में तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद, इलाके में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

More Stories
हर 24 घंटे में ₹38 करोड़ की ठगी! सरकार अब AI की मदद से करेगी इस पर काबू, जानें नए उपाय
UPI में बड़ा बदलाव! अब मोबाइल नंबर या UPI ID डालकर नहीं कर पाएंगे पेमेंट – जानें नया तरीका
UAE में भारतीय दूतावास की एडवाइजरी जारी, नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देश मानने की अपील