लाहौर
इंग्लैंड के पेसर जोफ्रा आर्चर ने बुधवार को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने पहले पावरप्ले में ही तीन विकेट झटक लिए। आर्चर ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में रमानुल्लाह गुरबाज (6), सिद्दिकउल्लाह अटल (4) और रहमत शाह (4) का शिकार किया। आर्चर ने पांचवें ओवर में जैसे ही गुरबाज को बोल्ड किया तो वनडे क्रिकेट में 50 विकेट कंप्लीट कर लिए। उन्होंने नया इतिहास रच डाला है।
टूटा एंडरसन का रिकॉर्ड
दरअसल, आर्चर इंग्लैंड के लिए वनडे में सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 30 वनडे मैचों में यह धांसू कारनामा अंजाम दिया। आर्चर ने पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 31 मैचों में 50 शिकार पूरे किए थे। लिस्ट में तीसरे स्थान पर पूर्व इंग्लिश गेंदबाज स्टीव हार्मिसन हैं। उन्होंने 32 वनडे में ऐसा किया किया। उनके बाद स्टीवन फिन (33), डैरेन गफ (34) और स्टुअर्ट ब्रॉड (34) का नंबर है।
मेंडिस ओवरऑल नंबर-1
वनडे इतिहास में सबसे तेज 50 विकेट लेने का रिकॉर्ड पूर्व श्रीलंकाई स्पिनर अजंता मेंडिस के नाम दर्ज है। मेंडिस ने सिर्फ 19 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी। नेपाल के संदीप लामिछाने ने 22 मैचों में ऐसा किया। भारत के लिए सबसे तेज 50 वनडे विकेट पूर्व ऑलराउंडर और मौजूदा चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने चटकाए हैं। उन्होंने 23 मैचों में यह कमाल किया था। न्यूजीलैंड के मिशेल मैक्लेनाघन ने भी 23 मैचों में 50 शिकार किए।
चहल के क्लब में हुई एंट्री
30 वर्षीय आर्चर ओवरऑल लिस्ट में संयुक्त रूप से दसवें पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने भारत के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के क्लब में एंट्री की है। चहल ने भी 30 वनडे मैचों में 50 विकेट कंप्लीट किए थे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व गेंदबाज माइकल कास्प्रोविच, मिचेल जॉनसन और संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) की ओर से खेलने वाले सौरभ नेत्रवलकर ने भी 30 मैजों में विकेटों की फिफ्टी पूरी की थी। आर्चर ने मई 2019 में वनडे डेब्यू किया।

More Stories
भारत की नई T20 रणनीति: 226 रन का लक्ष्य चेज कर टीम इंडिया ने दिखाया दम
भारत ने क्राइस्टचर्च T20 में रचा इतिहास, 230 रन चेज कर न्यूजीलैंड को दी शिकस्त
जलज सक्सेना ने रणजी ट्रॉफी में रचा इतिहास, बिशन सिंह बेदी के रिकॉर्ड की बराबरी कर केरल को दिलाई जीत