दिल्ली से झांसी सिर्फ 4 घंटे में! नया एक्सप्रेसवे जोड़ेगा 4 बड़े एक्सप्रेसवे, यूपी-एमपी के 20 शहरों को मिलेगी हाईस्पीड कनेक्टिविटी

झांसी

झांसी लिंक एक्सप्रेसवे (Jhansi Link Expressway) पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाला है. उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) इस 106 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रहा है.  झांसी लिंक एक्सप्रेसवे को दो प्रमुख चरणों में बन रहा है. पहला चरण 50 किमी जालौन जिले के फूलपुरा (बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास) से शुरू होकर झांसी के पिपरा गांव तक जाएगा. इसकी लागत 2262 करोड़ है. दूसरे चरण में 56 किमी के हिस्से पिपरा से आगे झांसी शहर और उससे जुड़े इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को जोड़ेगा. इसकी लागत 2739 करोड़ रहेगी। 

दिल्ली से झांसी तक सुपरफास्ट रूट
UPEIDA का यह मार्ग झांसी जिले की चार प्रमुख तहसीलों गरौठा, टहरौली, मोठ और सदर के 63 गांवों से गुजरेगा. दिल्ली से झांसी की दूरी 420-430 किलोमीटर है. दिल्ली, नोएडा से यमुना एक्सप्रेसवे (165 किमी) से आगरा तक डेढ़-दो घंटे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की 180 किमी की दूरी डेढ़ घंटे में और जालौन से झांसी तक की 106 किमी की दूरी 1 घंटे में तय हो सकेगी. इससे 4 घंटे में दिल्ली से झांसी पहुंचना संभव होगा। 

झांसी लिंक एक्सप्रेसवे का रूट
106.3 किलोमीटर की लंबाई
6 लेन का एक्सप्रेसवे 8 लेन तक विस्तार
5001 करोड़ की लागत 
3 वर्ष का लक्ष्य
63 गांवों की 1232 हेक्टेयर जमीन
झांसी लिंक एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी

झांसी लिंक एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के 4 बड़े एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा.
    बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे (Bundelkhand Expressway): झांसी लिंक एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के 4 बड़े एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा. झांसी लिंक एक्सप्रेसवे यूपी में जालौन जिले के फूलपुरा (चेनेज 170+300)पर सीधे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। 

    आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे (Agra-Lucknow Expressway): बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे इटावा के कुदरैल गांव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से मिलता है.ऐसे में झांसी जाने वाले वाहनों को सीधे आगरा और लखनऊ के लिए बिना रुकावट के हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी। 

    यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway): आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जरिये वाहन आगरा पहुंचकर ग्रेटर नोएडा, दिल्ली जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर जा सकेंगे.इससे दिल्ली एनसीआर के लोगों को सीधे झांसी तक रोड नेटवर्क मिलेगा। 

    पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (Purvanchal Expressway): लखनऊ पहुंचने के बाद वाहन आउटर रिंग रोड के जरिये सीधे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़कर गाजीपुर,आजमगढ़ की तरफ जा सकेंगे. इससे यूपी का कोना-कोना झांसी से कनेक्ट हो जाएगा. गंगा एक्सप्रेसवे से भी इसका रूट बन सकता है। 

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी
झांसी लिंक एक्सप्रेसवे का बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से सीधा कनेक्शन रहेगा. इससे झांसी सीधे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ जाएगा. झांसी से दिल्ली, लखनऊ, आगरा और पूर्वांचल के जिलों तक पहुंच आसान हो जाएगी. बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (BIDA) और डिफेंस कॉरिडोर के लिए ये वरदान बनेगा.ये एक्सप्रेसवे नोएडा की तर्ज पर बीडा और डिफेंस कॉरिडोर को हाईस्पीड कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट देगा.फूलपुरा जंक्शन और पिपरा में बड़े वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज और इंडस्ट्रियल पार्क के निर्माण से युवाओं को रोजगार के साथ स्वउद्यम का मौका मिलेगा.एक्सप्रेसवे पर प्रति किलोमीटर (47 करोड़ प्रति किमी) के हिसाब से झांसी लिंक एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की तीसरी सबसे महंगी सड़क परियोजना है।