नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में टिकट से वंचित रहे नेताओं को साधने के प्रयास के तहत सोमवार को उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक पूर्व मंत्री सत शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष, पूर्व उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सुख नंदन को उपाध्यक्ष जबकि पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
BJP ने इस बार के विधानसभा चुनाव में सत शर्मा को टिकट नहीं दिया है। वह 2014 में जम्मू पश्चिम विधानसभा सीट से जीते थे। पार्टी ने उनके स्थान पर अरविंद गुप्ता को जम्मू पश्चिम सीट से उम्मीदवार बनाया है। जम्मू जिले की बाहु सीट से कविंदर गुप्ता के स्थान पर पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विक्रम रंधावा को उम्मीदवार बनाया गया है। गुप्ता 2014 के चुनाव में गांधीनगर से निर्वाचित हुए थे। इसका नाम बदलकर बाहु विधानसभा क्षेत्र कर दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर में भाजपा-पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) सरकार में भाजपा के पहले उपमुख्यमंत्री रहे निर्मल सिंह को भी इस बार पार्टी ने टिकट नहीं दिया है। वे 2014 के विधानसभा चुनाव में कठुआ जिले की बिलावर सीट से चुने गए थे। इस बार उनकी जगह पार्टी ने सतीश शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है।
जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होने हैं, जिसमें पहले चरण के लिए मतदान 18 सितंबर को, दूसरे चरण के लिए 25 सितंबर को और तीसरे चरण के लिए एक अक्टूबर को मतदान होगा। भाजपा ने तीसरे चरण के चुनाव के लिए छठी सूची जारी करने के साथ ही अब तक 62 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है, जिनमें कश्मीर घाटी के 20 उम्मीदवार शामिल हैं, जहां भाजपा विधानसभा चुनाव में अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाई है।

More Stories
Meta ने पीएम मोदी की पोस्ट हटाने पर मांगी माफी, कहा- तकनीकी खराबी की वजह से हुई थी गलती
‘बिना समय बर्बाद किए…’ पूर्व IPS किरण बेदी ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ, कही बड़ी बात
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से हालात बेकाबू, फ्लैश फ्लड का अलर्ट; कई जिलों में स्कूल बंद