जयपुर
भारतीय रेलवे ने सफाई के उच्च मानकों के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के आठ स्टेशन पेंट्री कार (रसोई यान) से निकले कचरे के उचित निस्तारण के लिए नामित किये है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार रेलवे रेल परिसर एवं रेलगाड़ियों में साफ-सफाई के उच्चतम मानकों को बनाये रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कभी कभी यह देखा जाता है कि चलती हुई रेल गाड़ियों में से कचरे को रेलवे ट्रैक पर फेंका जाता है जिससे न केवल गंदगी होती है अपितु यह संरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा हो सकता है।
रेलवे द्वारा लंबी दूरी की रेल सेवाओं में उपलब्ध पेंट्री कार से निकलने वाले कचरे को इकट्ठा एवं निस्तारण करने के लिए स्टेशनों को नामित किया गया है जहां गाड़ियों के ठहराव पर पैंट्री कार कर्मियों से सारे कचरे को उतारकर डंप यार्ड मे उचित निस्तारण किया जाता है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के रेवाड़ी, जयपुर, अजमेर, आबू रोड, जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर एवं उदयपुर सहित आठ स्टेशनो पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गयी है। समय-समय पर रेल अधिकारियों द्वारा आकस्मिक निरीक्षण के द्वारा भी पेंट्री कार से कचरे के उचित निस्तारण कि जाँच की जाती है एवं दोषी पाए जाने पर नियमानुसार दंडित भी किया जाता है।
अभी हाल ही में पूर्वोत्तर सीमा रेलवे पर पैंट्री कार द्वारा रेलवे ट्रेक पर कचरा फेंकने की घटना की सजग यात्री द्वारा वीडियो बनाकर शिकायत पर रेलवे प्रशासन द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित फर्म पर भारतीय रेलवे खान पान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) द्वारा 15000 रूपये का जुर्माना एवं सख्त चेतावनी दी गई है।

More Stories
जयपुर में बनेगा 37 KM लंबा एलिवेटेड रोड, 6000 करोड़ रुपये की लागत से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था
श्रीरामजन्मभूमि मंदिर संपूर्ण हिंदू स्वाभिमान का स्मारक: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन
खाटूश्यामजी मंदिर का 100 करोड़ से होगा कायाकल्प, मार्च 2027 तक श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं