रायपुर
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 13 अप्रैल को बस्तर आ रही हैं। वे संभागीय मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित भरोसा सम्मेलन में शामिल होंगी। उनके साथ राष्ट्रीय स्तर के अन्य नेता भी यहां पहुंचेंगे। प्रियंका गांधी लाल बाग मैदान में जनता को संबोधित करेंगी।
कांग्रेस ने इस सम्मेलन में 1 लाख से भी अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। लाल बाग मैदान में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गईं हैं। जगदलपुर एयरपोर्ट से मंच तक बाइक रैली के माध्यम से उनका स्वागत किया जाएगा। जिस मंच से वे जनता को संबोधित करेंगी उस मंच के आस-पास तगड़ी सुरक्षा रखी गई है। यह भी संयोग है कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू 13 अप्रैल 1955 को बस्तर आए थे। अब 13 अप्रैल 2023 को प्रियंका गांधी बस्तर आ रहीं हैं। कांग्रेस अपने कलेंडर के लिए यह तारीख बेहद महत्वपूर्ण मान रही है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, एआईसीसी के सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारीद्वय डॉ. चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उल्का, संयुक्त सचिव सह-प्रभारी विजय जांगिड़ सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेतागण आमसभा को संबोधित करेंगे।

More Stories
छत्तीसगढ़ में डिजिटल जनगणना 2027 का शंखनाद
मनरेगा के तहत छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात : भारत सरकार से 1333 करोड़ रुपए स्वीकृत, 212 करोड़ की मजदूरी राशि का भुगतान
निर्माण गुणवत्ता में जरा भी लापरवाही नहीं चलेगी – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय