टोक्यो
दक्षिणी जापान स्थित ओकिनावा द्वीप में अमेरिका के एक सैन्य अड्डे में युद्धकालीन बम के भंडारण स्थल पर हुए विस्फोट में जापान की सेना के चार जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जवानों की उंगलियों में चोटें आई हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट उस समय हुआ जब ये जवान ओकिनावा प्रांत में उस भंडारण स्थल पर काम कर रहे थे जहां द्वीप पर मिले बिना फटे बम को संग्रहीत किया गया है। प्रांत के अधिकारियों ने बताया कि चोटें जानलेवा नहीं हैं, लेकिन कोई अन्य विवरण नहीं दिया।
‘द सेल्फ डिफेंस फोर्स' (SDF) के ज्वाइंट स्टाफ ने बताया कि कडेना एयरबेस में विस्फोट की सूचना मिली है जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब आयुध प्रबंधन में माहिर जापान की सेना के जवानों का एक दल एयरबेस के पास काम कर रहा था। जापान के आस-पास बिना फटे सैकड़ों युद्धकालीन बम दबे हुए हैं। निर्माण स्थलों और अन्य जगहों पर खुदाई के दौरान इन बम के मिलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। अक्टूबर में, दक्षिणी जापान के एक हवाई अड्डे पर एक युद्धकालीन अमेरिकी बम फट गया जिससे वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया और कई उड़ानें स्थगित करनी पड़ी थीं।

More Stories
सिर्फ इंडियन-अमेरिकन की एंट्री! UAE में पाकिस्तानियों को नहीं मिला होटल, दर-दर भटकने का आरोप
सोना निकालने गए थे, मौत के मलबे में दब गए! इस अफ्रीकी देश में खदान ढहने से 100 से ज्यादा की मौत
शहबाज सरकार को तगड़ा झटका! सुप्रीम कोर्ट ने लौटाई याचिका, अस्पताल में ही होगा इमरान खान का इलाज