मुंबई
मुंबई की सड़कों पर एक अनोखी बस दौड़ रही है जो हाई-टेक मोबाइल बाथरूम से लैस है। महाराष्ट्र सरकार और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने यह पहल कई औरतों की जिंदगी आसान बनाने के लिए शुरू की है। इस अनोखी बस में मुफ्त में नहाने की सुविधा दी जा रही है, और दिलचस्प बात ये है कि इसे लॉन्च हुए सिर्फ एक महीना हुआ है, लेकिन इसे इस्तेमाल करने वाली औरतों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है।
क्या है इस मोबाइल बाथरूम बस की खासियत?
ये कोई आम बस नहीं, बल्कि एक चलता-फिरता लक्जरी बाथरूम है। इस बस में पांच मोबाइल फोन चार्जिंग पॉइंट, दो कपड़े सुखाने वाले ड्रायर और पूरी तरह से सुसज्जित नहाने के कमरे हैं। हर बाथरूम में हैंडवॉश, बॉडी वॉश, बाल्टी, नल, शैंपू, शावर, गीजर और यहां तक कि टब तक की सुविधा दी गई है। सिर्फ इतना ही नहीं, पानी बचाने के लिए इसमें एक खास सिस्टम लगाया गया है जिससे पूरी बस का पानी महज 10 मिनट में फ्लश हो जाता है। ये बस ना सिर्फ सफाई और सुविधा का प्रतीक बन गई है, बल्कि दो औरतों के लिए रोजगार का भी जरिया बन चुकी है।
कौन है इस पहल के पीछे?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस इनोवेटिव आइडिया को महाराष्ट्र के स्किल डेवलपमेंट मिनिस्टर मंगल प्रभात लोढ़ा ने पेश किया था और इसे जिला योजना समिति और बीएमसी ने मिलकर लागू किया। इस बस का संचालन तीन बहनें कर रही हैं, जो ‘बी दी चेंज’ नाम की एक संस्था चला रही हैं। उनकी मेहनत और लगन की वजह से ये पहल इतनी सफल हो पाई है।
मुंबई में और जगहों पर भी आएंगी ऐसी बसें
यह बस मुंबई के कांदिवली इलाके में रहने वाली औरतों के लिए फिलहाल मौजूद है। स्थानीय औरतें इस अनोखी पहल से बेहद खुश हैं और ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इसका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इस सफलता को देखते हुए अब बीएमसी इस योजना को शहर के दूसरे इलाकों में भी लाने की तैयारी कर रही है। बीएमसी के बजट में भी इसका जिक्र किया गया है, जिससे साफ है कि आने वाले समय में मुंबई की औरतों के लिए और भी ऐसी चलती-फिरती लक्जरी बाथरूम बसें सड़कों पर दिखाई देंगी।

More Stories
नवंबर में भारत आएंगे नेपाल के PM बालेन शाह! पीएम मोदी से होगी मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर चर्चा
वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित का बड़ा बयान, बोले- हर समय युद्ध के लिए तैयार रहना होगा
चक्रवात ‘मुरासु’ का खतरा, आंध्र प्रदेश में 120 Kmph की रफ्तार से टकरा सकता है तूफान