मुंबई
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे पृथ्वी शॉ का बुरा वक्त खत्म ही नहीं हो रहा है। पृथ्वी के सितारे इतने गर्दिश में चल रहे है कि भारतीय टीम तो छोड़िए, अब उन्हें घरेलू क्रिकेट में मुंबई की टीम से भी बाहर कर दिया जा रहा है। 24 साल के इस दाएं हाथ के बल्लेबाज को चयनकर्ताओं ने उनके बढ़ते वजन के चलते मुंबई की टीम में सिलेक्ट नहीं किया।
बॉडी में बढ़े फैट के चलते बाहर
दरअसल, मौजूदा रणजी सीजन में मुंबई को अपना अगला मैच 26 अक्टूबर से त्रिपुरा के खिलाफ अगरतला में खेलना है। खबर है कि खराब फिटनेस के चलते पृथ्वी शॉ टीम में नहीं चुने गए। रिपोर्ट के मुताबिक पृथ्वी शॉ को चयनकर्ताओं ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के प्रशिक्षकों द्वारा तैयार किए गए फिटनेस कार्यक्रम का दो हफ्ते तक पालन करने को कहा है। टीम मैनेजमेंट ने एमसीए को अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पृथ्वी शॉ के शरीर में 35 प्रतिशत फैट है और टीम में वापस आने से पहले उन्हें कड़ी ट्रेनिंग की जरूरत है।
रहाणे की कप्तानी बरकरार
पृथ्वी शॉ ने अब तक मौजूदा रणजी ट्रॉफी के सीजन के दो मैच की चार पारियों में क्रमशः 7,12, 1 और 39 रन बनाए हैं। एमसीए के एक अधिकारी ने कहा, 'उन्हें हटा दिया गया है और दोबारा टीम में चुने जाने से पहले पृथ्वी को ट्रेनिंग करने और वजन कम करने की जरूरत है।' इस बीच, अजिंक्य रहाणे त्रिपुरा के खिलाफ मैच में मुंबई की टीम का नेतृत्व करना जारी रखेंगे। श्रेयस अय्यर और शार्दुल ठाकुर भी मुकाबला खेलेंगे जबकि सूर्यकुमार यादव व्यक्तिगत कारणों के चलते इस मैच से बाहर हो गए हैं।
विवादों से पुराना नाता
पृथ्वी शॉ ने जुलाई में बेंगलुरु में मुंबई के कंडीशनिंग कैंप और चेन्नई में बुची बाबू ट्रॉफी में भी हिस्सा नहीं लिया था। पिछले साल वह मुंबई के किसी क्लब के बाहर एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर के साथ मारपीट और झगड़े के चलते विवादों में घिरे थे। गत विजेता मुंबई ने दो मैचों में छह अंक जुटाए हैं और फ़िलहाल ग्रुप ए में चौथे स्थान पर हैं। आईपीएल ऑक्शन से पहले फिटनेस संबंधी कारणों के चलते बाहर किया जाना पृथ्वी के लिए किसी करारे झटके से कम नहीं है।

More Stories
संजू सैमसन ने रजनीकांत की ‘जेलर 2’ के लिए बुक किया पूरा थिएटर, पत्नी-दोस्तों संग देखी फिल्म
हार्दिक पंड्या की IPL में नई टीम में एंट्री की चर्चा तेज, CSK नहीं इस फ्रेंचाइजी से जुड़ने की अटकलें
BCCI में बड़ा फेरबदल: प्रज्ञान ओझा बने चयन समिति के चेयरमैन, रमेश पोवार को भी मिली जगह