कोलकाता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार लंबे समय तक नहीं टिकेगी क्योंकि यह डरा-धमका कर बनाई गई है। बनर्जी ने यहां तृणमूल कांग्रेस की 'शहीद दिवस' रैली को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव भी मौजूद थे। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में सपा के अच्छे प्रदर्शन के लिए मुख्यमंत्री बनर्जी ने यादव की सराहना भी की। उन्होंने कहा, ''केंद्र की सरकार लंबे समय तक नहीं टिकेगी। यह स्थिर सरकार नहीं है और जल्द ही गिर जाएगी।''
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा, ''आपने उत्तर प्रदेश में जो 'खेल' खेला उससे भाजपा सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए था लेकिन बेशर्म सरकार एजेंसियों और अन्य साधनों का दुरुपयोग करके सत्ता में बनी हुई है।'' उन्होंने कहा, ''आप एजेंसियों का दुरुपयोग करके हमें दबा नहीं सकते… केवल बंगाल ही भारत के अस्तित्व को बचा सकता है। बंगाल के बिना भारत का अस्तित्व नहीं हो सकता।''
मुख्यमंत्री ने राज्य में भीड़ के हमलों की हाल की घटनाओं का जिक्र करते कहा, ''लोगों के साथ अन्याय न करें और न ही इसे बर्दाश्त करें, दोषी पाए जाने पर हम तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों को भी नहीं बख्शेंगे।'' उन्होंने कहा, ''मैं चाहती हूं कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के मित्र बनें। मैं नगर पालिका और पंचायत प्रतिनिधियों, विधायकों तथा सांसदों से कहना चाहती हूं कि वे सुनिश्चित करें कि हमें उनके खिलाफ कोई शिकायत न मिले।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''अगर हमें कोई शिकायत मिलती है तो हम उचित कार्रवाई करेंगे। सभी जानते हैं कि अगर कोई अन्याय होता है तो हम तृणमूल कांग्रेस के लोगों को भी नहीं छोड़ते।''

More Stories
CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव टला, विपक्ष ने बताई ये वजह
MP BJP युवा मोर्चा में बड़ा फेरबदल, 19 जिलों के अध्यक्ष और महामंत्री बदले
महुआ मोइत्रा को सुप्रीम कोर्ट से झटका, AIF और FPI के असली मालिकों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग खारिज