TI दिलीप पुरी की मौत पर CM यादव का बड़ा ऐलान, पत्नी को SI पद पर मिलेगी नौकरी; परिवार को ₹1 करोड़ की मदद

Exposetodaynews:

देवास 

 मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में शराब तस्करों के ट्रक की चपेट में आने से टीआई दिलीप पुरी की मौत के बाद से इलाके में शोक छाया हुआ है। उनके ही गांव के ही मोहन लाल ने बताया कि दिलीप पुरी होनहार पुलिस अधिकारी थे। वे जहां भी रहे पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने काम करते रहे। उनके निधन से पुलिस विभाग को बहुत बड़ी क्षति हुई है। उनका परिवार ग्राम बरमंड में रहता है। वहीं पर उनकी जन्म हुआ था। यहीं पर प्राथमिक शिक्षा भी पूरी हुई थी। जिसके बाद हायर सेंकडरी तक की शिक्षा प्राप्त करने के बाद उच्च शिक्षा प्राप्त की। साल 2007 में पुलिस विभाग में चुने गए। गांव के लोगों को कहना है कि उन्होंने स्कूल में बच्चे को पढ़ाने का काम भी किया था।

गांव वालों का कहना है ये एक गंभीर मामला है कि शराब माफिया निडर घूम रहे है। जिस प्रकार से ये घटना हुई है कि पूरे प्रदेश को डरा दिया है। इन लोगों के हौंसले बुलंद है। शासन और प्रशासन को इस पर कड़ी जांच करनी चाहिए। जानकारी के लिए बता दें कि शराब माफिआओं को थाना प्रभारी ने गाड़ी से नीचे उतरने के लिए कहा, तभी चालक ने आयशर को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया, जिस कारण टीआई की जान चली गई। हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी और कलेक्टर मौके पर पहुंचे थे। पुलिस प्रशासन में शोक की लहर है। कुछ देर बाद खातेगांव थाने पर श्रद्धांजलि सभा होगी।

सीएम मोहन यादव ने किया ट्वीट
टीआई दिलीप पुरी की मौत पर सीएम मोहन यादव ने ट्वीट करके कहा है कि देवास जिले के खातेगांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी श्री दिलीप पुरी जी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस कठिन समय में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। घटना की जांच के लिए स्पेशल DG श्री उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है। मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

वीर बलिदानी श्री दिलीप पुरी जी की धर्मपत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति एवं परिवार को 1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

दोषियों को मिलेगी सजा
इस पूरे मामले में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि, देवास जिले के खातेगांव टीआई श्री दिलीप पुरी, पूर्ण निष्ठा से अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए, एक अप्रिय हादसे का शिकार होकर दिवंगत हो गए। श्री पुरी ने पूर्ण बहादुरी और समर्पण भाव से पुलिस सेवा में अपना सर्वस्व समर्पित किया।

दुःख की इस घड़ी में हमारी गहरी संवेदनाएं परिवारजन एवं पुलिस परिवार के साथ है।
मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परमपिता परमेश्वर से दिगंवत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। इस कठिन समय में परिवारजन को ईश्वर साहस और संबल प्रदान करें। मैंने देवास कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से बात की है। घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। मैं आश्वस्त करता हूं कि इस घटना के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार इसके प्रत्येक दोषी को सलाखों के पीछे भेजेगी।