Exposetodaynews:
आरंग.
आरंग थाना क्षेत्र में अवैध कारोबारियों, तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का चाबुक लगातार चल रहा है। इस कड़ी में आरंग थाना प्रभारी नरेश साहू की अगुवाई में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए छिंदगढ़-बलौदाबाजार मार्ग से तस्करी कर लाई जा रही अवैध शराब की एक बड़ी खेप को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
आरंग पुलिस की इंटेलिजेंस टीम को 29 अगस्त को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम कुरूद स्थित कोटवार गली के पास कुछ बाहरी व्यक्ति अवैध शराब की बड़ी खेप खपाने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए योजनाबद्ध तरीके से मौके पर घेराबंदी कर रेड मारी। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से तस्करों को भागने का मौका तक नहीं मिला और दो आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा गया। पकड़े गए आरोपियों में नवागांव, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार निवासी यश कुमार कोसले और ग्राम व थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार निवासी शिव कुमार साहू शामिल हैं।
भारी मात्रा में शराब और वाहन ज़ब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 220 पाव अवैध शराब बरामद की, जिसकी कुल बाजार कीमत लगभग 24,600 रुपए आंकी गई है। जब्त शराब में गोल्डन गोवा (अंग्रेजी शराब): 130 पाव,देशी मदिरा मसाला (शोले): 70 पाव,देशी मदिरा मसाला (रोमियो): 20 पाव शामिल है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की सुजुकी स्कूटर को भी पुलिस ने आबकारी जब्ती पत्रक के तहत जब्त कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की सख्त धारा 34(2) के तहत मामला पंजीकृत कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की कार्यशैली की सराहना
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में आरंग पुलिस टीम के सदस्यों की भूमिका बेहद सराहनीय रही।अवैध कारोबार पर प्रहार करने वाली इस सफल कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार चन्द्रवंशी, आरक्षक युवराज ठाकुर, महेंद्र बघेल, जितेंद्र गेंड्रे तथा नगर सैनिक दुर्गेश चंद्राकर की सजगता, कर्तव्यनिष्ठा और मुख्य भूमिका रही, जिनकी स्थानीय नागरिकों द्वारा भी सराहना की जा रही है।

More Stories
राज्यपाल रमेन डेका से एम्स के कार्यपालक निदेशक ने की सौजन्य मुलाक़ात
अब धमाकों की नहीं, रेडियो की गूंज
महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों की नीलामी के लिए नवा रायपुर में कल होगा रोड शो का आयोजन