बालोद.
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलझर में उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 9वीं और 10वीं की पांच छात्राएं अचानक बेहोश हो गई. घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से छात्राओं को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया.
स्कूल में बिगड़ी छात्राओं की तबीयत
जानकारी के अनुसार, स्कूल में बुधवार को 10वीं की छात्रा तिजिया यादव अचानक चक्कर आने के बाद नीचे गिर गई. सांसे तेज होने के बाद वह छटपटाने लगी. शिक्षकों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी. कुछ देर बाद यूहाना कोमरे, लिलिमा चन्द्रवंशी भूमिका और 9वीं की छात्रा नितेश्वरी भी चक्कर आने, सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत के बाद बेहोश होकर गिर पड़ीं. इससे पूरे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालात बिगड़ते देख युहाना, लिलिमा चन्द्रवंशी, तिजिया यादव को प्राथमिक उपचार के लिए डौंडी लोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया.
उपचार के दौरान छात्रा युहाना चंद्रवंशी की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर कर दिया. वहीं दो छात्राओं की हालत में सुधार होने पर उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया. जबकि भूमिका और नीतेश्वरी का इलाज घर में ही किया गया. विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि कुछ छात्राएं सुबह पर्याप्त भोजन किए बिना स्कूल आई थीं, जिससे कमजोरी के कारण उन्हें चक्कर आ सकता है. वहीं परिजनों का कहना है कि पिछले वर्ष भी विद्यालय में इस तरह की घटना सामने आई थी.

More Stories
CG को बड़ी सौगात! डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन को मिली मंजूरी, राजनांदगांव सांसद की मांग हुई पूरी
राष्ट्रीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लौटीं गीता सोनी, श्रमिक हितों के लिए नई ऊर्जा के साथ करेंगी कार्य
CG में सट्टेबाजी के कर्ज ने उजाड़ा पूरा परिवार, पांच लोगों की मौत से मचा हड़कंप