भोपाल
सीधी में सात लड़कियों से दुष्कर्म की घटना के बाद अब पुलिस मुख्यालय में महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यहां एक सफाईकर्मी ने गुप्तचर शाखा (इंटेलीजेंस विंग) में पदस्थ कार्यवाहक उप निरीक्षक पीयूष मणि तिवारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
सफाईकर्मी के सुपरवाइजर की शिकायत के बाद आरोपित उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की जांच डीएसपी स्तर के एक अधिकारी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने पर आरोपित के विरुद्ध और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय में आउटसोर्स पर काम कर रही सफाई कंपनी के सुपरवाइजर ने गुप्तचर शाखा के एडीजी जयदीप प्रसाद को शिकायत कर बताया कि महिला सफाईकर्मी रविवार सुबह परिसर में ही बने स्टेट सिचुएशन सेंटर में सफाई के लिए पहुंची तो पीयूष मणि तिवारी यहां पहले से मौजूद था। महिला ने उसे बाहर जाने के लिए कहा, पर वह नहीं गया।
कुछ देर बाद उसने महिला के कंधे पर हाथ रखा और छेड़छाड़ की कोशिश की। महिला के चिल्लाने पर आसपास के कर्मचारी भी पहुंच गए। हालांकि, रविवार होने के चलते परिसर में ज्यादा भीड़ नहीं थी। गुप्तचर शाखा के आइजी अंशुमान सिंह ने उपनिरीक्षक को निलंबित किए जाने की पुष्टि की है।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया के आरोपित लगभग 50 वर्ष का है। वह हाल ही में कार्यवाहक उपनिरीक्षक बना है। कई वर्ष से पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा में पदस्थ रहा है।

More Stories
लाड़ली बहनों के लिए शिवराज सिंह चौहान के 3 बड़े प्लान, रक्षाबंधन पर लिया नया संकल्प
उज्जैन से मुंबई सिर्फ 8 घंटे! सिंहस्थ से पहले दिल्ली-अहमदाबाद-जयपुर तक हाई स्पीड कनेक्टिविटी
रक्षाबंधन पर भोपाल सेंट्रल जेल में खास इंतजाम, बहनों ने भाइयों से मिलकर बांधी राखी