भोपाल
शादी समारोह से लौट रहे एक बाइक सवार दंपती पर शहीद गेट के पास आधा दर्जन बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से महिला व उसका पति घायल हो गए हैं। शुक्रवार रात हुई इस वारदात का इंटरनेट मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपितों की तलाश जारी है।
शाहजहांनाबाद थाने के एसआइ पवन सेन ने बताया कि 12 नंबर मल्टी निवासी 28 वर्षीय विशाल गोयल शुक्रवार रात को अपनी साली की शादी में शामिल होने पत्नी कविता के साथ कोहेफिजा के एक शादी गार्डन में गए थे। उनके कुछ रिश्तेदार वाजपेयी नगर मल्टी में भी रहते हैं। शादी गार्डन में पैर लगने की बात पर उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया था। रात करीब 12 बजे वह पत्नी के साथ बाइक से रिश्तेदारों से मिलने वाजपेयी नगर मल्टी जा रहे थे। साथ में दूसरी बाइक पर उनका साला राहुल और चचेरा भाई रोहित भी था। सभी करीब 12:30 बजे शहीद गेट से कुछ आगे बढ़े थे, तभी आधा दर्जन युवकों ने घेरकर उनके साथ मारपीट करना शुरू कर दी। उनमें से एक ने चाकू से भी वार किए। इस हमले में विशाल, कविता और राहुल, रोहित को भी चोटें लगीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित राहुल, विजय, अविनाश, रोहन, फारुख के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

More Stories
विलगांव चौधरी में 5.50 करोड़ के निर्माण कार्यों की फेहरिस्त, अब जमीन पर हिसाब की दरकार!
MP IAS Transfer: मध्यप्रदेश में 23 IAS अधिकारियों के तबादले, सुखबीर सिंह बने CM के प्रमुख सचिव
MP में राजस्व संग्रहण 11.37 प्रतिशत बढ़ा, अप्रैल से सितम्बर 2026 तक मिले 44,711 करोड़ रुपये