कोलकाता.
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन की इच्छुक थी और इसके लिए वह राहुल गांधी से मिलने सुबह छह बजे उनके आवास पर भी गए थे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक ने जोर देकर कहा कि तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) के पश्चिम बंगाल में सच्चे प्रतिनिधि हैं।
उन्होंने शनिवार को कहा, ‘अगर मैं गंभीर नहीं होता तो मैं सुबह छह बजे दिल्ली में राहुल गांधी के आवास पर नहीं जाता। हम लोकसभा चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के इच्छुक थे और कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी द्वारा हमारी पार्टी की कई महीनों तक आलोचना किए जाने के बावजूद हमने लंबे समय तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।’
उन्होंने कहा, ‘हमने कांग्रेस को दिसंबर तक का समय दिया था लेकिन हम अनिश्चित काल तक इंतजार नहीं कर सकते थे क्योंकि हमें तैयारी करनी थी। चौधरी जो कह रहे थे, उस पर ममता बनर्जी और हमारी पार्टी के एक भी प्रवक्ता ने 31 दिसंबर, 2023 तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।’ अभिषेक बनर्जी ने कहा कि कांग्रेस की राज्य इकाई के शत्रुतापूर्ण रवैये के कारण सीट बंटवारे पर बातचीत विफल रही।

More Stories
सड़क हादसों पर लगेगी लगाम! राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा परिषद का नए सिरे से गठन, 69 सदस्य मिलकर संभालेंगे जिम्मेदारी
देश की हर अदालत में महिला वकीलों के लिए बनेंगे अलग टॉयलेट और बार रूम, जानें क्या है फैसला
सीमा सुरक्षा को बड़ा बूस्ट: ₹2.12 लाख करोड़ के हथियार खरीदने को मंजूरी, सेना को क्या-क्या मिलेगा?